सीमांत में नशा तस्करों पर करारा प्रहार: 2.780 किलो चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

पिथौरागढ़: सीमांत जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत SOG और कोतवाली अस्कोट पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। सघन चेकिंग के दौरान चर्मागाड़ पुल के पास संदिग्ध रूप से घूम रहे एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 2 किलो 780 ग्राम चरस बरामद की गई।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सूरज कुमार, निवासी ग्राम छेड़ा, थाना कोतवाली पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली अस्कोट में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह चरस धारचूला क्षेत्र से एक नेपाली व्यक्ति से खरीदकर लाया था।

पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है और तस्करी नेटवर्क में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और सीमांत क्षेत्र में सप्लाई चेन को जड़ से समाप्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक बसन्त पन्त, अपर उपनिरीक्षक दीपक सिंह खनका (SOG), कांस्टेबल सोनू कार्की (SOG), कांस्टेबल अर्जुन सिंह, कांस्टेबल आनन्द राणा और कांस्टेबल दीपक जोशी शामिल रहे। “नशा मुक्त पिथौरागढ़ – हमारा संकल्प” के तहत पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *