सेहत के दुश्मनों पर पुलिस का प्रहार! 250 किलो नकली पनीर और 50 किलो नकली दही के साथ 2 शातिर गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून। सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड में नकली पनीर और दही की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना सेलाकुई पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो लग्जरी कारों से 250 किलोग्राम नकली पनीर और 50 किलोग्राम नकली दही बरामद करते हुए गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मौके पर खाद्य विभाग की टीम को बुलाकर सैंपलिंग कराई गई, जिसके बाद नकली पनीर और दही को नष्ट कर दिया गया।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की कालाबाजारी और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी, जिसके आधार पर 02 फरवरी 2026 को सेलाकुई बाजार क्षेत्र में माया देवी यूनिवर्सिटी के पास धूलकोट तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सेलाकुई बाजार की ओर तेज गति से आ रही कार संख्या UK07FH7883 (ब्रेजा, लाल रंग) और कार संख्या UK07BY9350 (बलेनो) को रोककर तलाशी ली गई तो दोनों वाहनों में भारी मात्रा में पनीर और दही लदी हुई मिली।

पूछताछ के दौरान वाहन चालकों ने बताया कि उनके पास मौजूद पनीर नकली है। सूचना के बाद पुलिस ने वरिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी को अवगत कराते हुए खाद्य आपूर्ति टीम को मौके पर बुलाया। टीम द्वारा मौके पर ही पनीर और दही की सैंपलिंग की गई, जिसमें यह नकली पाया गया। इसके बाद पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए नकली पनीर और दही को नष्ट कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर दोनों वाहनों को सीज कर दिया है और थाना सेलाकुई में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वसीम पुत्र साबीर निवासी सी-15 टर्नर रोड थाना पटेलनगर देहरादून (उम्र 28 वर्ष) और प्रदीप कुमार पुत्र उदय राम निवासी शंकरपुर थाना सहसपुर जिला देहरादून (उम्र 44 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने नकली पनीर बाबर निवासी लक्सर और दिनेश लुथरा निवासी नेहरू कॉलोनी से खरीदा था, जिसे वे एक शादी की बुकिंग के लिए सप्लाई करने जा रहे थे। इसी दौरान चेकिंग में पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सेलाकुई उप निरीक्षक पी.डी. भट्ट, वरिष्ठ उप निरीक्षक जितेन्द्र कुमार, उप निरीक्षक सुमेर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। वहीं खाद्य आपूर्ति टीम में असिस्टेंट कमिश्नर (एफडीए) देहरादून मनीष स्याना, वरिष्ठ एफएसओ विकासनगर संजय तिवारी और वरिष्ठ एफएसओ देहरादून रमेश सिंह मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि मिलावटखोरी और नकली खाद्य सामग्री की सप्लाई करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *