हल्द्वानी में त्योहारों से पहले अतिक्रमण पर सख्ती, नगर निगम चलाएगा विशेष अभियान

Spread the love

हल्द्वानी। त्योहारों के नजदीक आते ही शहर के मुख्य बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर निगम सख्त रुख अपनाने जा रहा है। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने स्पष्ट कहा है कि बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जल्द ही व्यापक अभियान चलाकर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।

नगर आयुक्त ने बताया कि त्योहार सीजन शुरू होने से पहले मुख्य बाजारों में अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इसे देखते हुए नगर निगम द्वारा मुनादी कराकर लोगों को चेतावनी दी जा रही है, वहीं कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ काफी बढ़ जाती है। ऐसे में सुचारू यातायात और लोगों की सुविधा के लिए सख्ती जरूरी हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम भविष्य में बड़ा अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है।

व्यापार मंडल के साथ हुई बैठक को लेकर नगर आयुक्त ने बताया कि पूर्व बैठक में सभी व्यापार मंडल शामिल नहीं हो पाए थे, इसलिए जल्द ही एक और बैठक आयोजित की जाएगी। हालांकि बैठक में मौजूद व्यापारियों ने सहमति जताई थी कि यदि कोई भी व्यापारी अतिक्रमण करता है तो व्यापार मंडल उसका समर्थन नहीं करेगा और प्रशासन की कार्रवाई में सहयोग करेगा।

नगर निगम ने साफ संकेत दिए हैं कि त्योहारों के दौरान बाजारों में सुगम यातायात और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई तय है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *