
हल्द्वानी। पंचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। मामले में विस्तृत रिपोर्ट तलब करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।

नैनीताल जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच के तहत परिवहन विभाग, पुलिस, यातायात विभाग और लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित एजेंसियों से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का पूरा विवरण, चालकों की जानकारी, ड्राइविंग लाइसेंस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पंचायतनामा और अन्य अभिलेख मांगे गए हैं।
प्रशासन ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के संकलन और परीक्षण के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल कर भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के उपाय सुझाने को कहा गया है।
जांच में नो एंट्री के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश, लागू ट्रैफिक प्लान की स्थिति और सड़क सुरक्षा मानकों के पालन की भी समीक्षा की जाएगी। लोक निर्माण विभाग को लिंक मार्ग, रैंप और फुटपाथ की सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच कर तकनीकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि घटना से संबंधित कोई भी जानकारी, साक्ष्य या बयान रखने वाले व्यक्ति 15 दिनों के भीतर नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं या पंजीकृत डाक के माध्यम से भेज सकते हैं।
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।


