कुमाऊँ कमिश्नर ने अल्मोड़ा में की विकास कार्यों की समीक्षा, योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

Spread the love

अल्मोड़ा। कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने जनपद भ्रमण के दौरान विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में जिला योजना, राज्य योजना और केंद्र पोषित योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक विभाग को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करना होगा।

बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने सड़क सुविधाओं को मजबूत करने, लंबित सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रस्तावित पार्किंग निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े कार्यों की प्रगति पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने सभी घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही प्राधिकरण से संबंधित विकास कार्यों को जनहित में नियमों के अनुरूप तेजी से आगे बढ़ाने को कहा गया। उन्होंने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, स्थलीय निरीक्षण और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।

बैठक में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने अपराध नियंत्रण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे और मादक पदार्थों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।

आयुक्त ने जनपद में संचालित पिंक ई-रिक्शा योजना, सखी बाजार, नशा मुक्ति केंद्र, गोवंश संरक्षण के लिए कन्हावन योजना तथा शिक्षा स्वयंसेवक योजनाओं की सराहना की।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आयुक्त को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने पीपीटी के माध्यम से जनपद में संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *