मां गर्गी मंदिर में 5 जून को होगी भव्य महाआरती, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी

Spread the love

हल्द्वानी। मां गर्गी मंदिर में आयोजित होने वाली भव्य महाआरती एवं धार्मिक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम के संबंध में नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने प्रेस वार्ता कर नगरवासियों और श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।

मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने बताया कि एक वर्ष पूर्व विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मां गर्गी मंदिर में संध्या आरती की शुरुआत की गई थी, जो लगातार श्रद्धा और उत्साह के साथ संचालित हो रही है। संध्या आरती के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून को मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम के अंतर्गत शाम 6 बजे मां गर्गी माता की महाआरती संपन्न होगी, जिसके बाद हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ, मां गर्गी के भजनों का लोकार्पण तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

मेयर ने बताया कि नगरवासियों के सहयोग और श्रद्धा से इस आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, क्षेत्रवासियों एवं धर्मप्रेमियों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की। कार्यक्रम को लेकर मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

गजराज सिंह बिष्ट
मेयर
नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *