
- दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत
- तिब्बती मार्केट के पास गैस एजेंसी स्वामी की हत्या
- घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
देहरादून। राजधानी देहरादून के डालनवाला क्षेत्र में बुधवार सुबह सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। तिब्बती मार्केट के पास अज्ञात बदमाशों ने गैस एजेंसी स्वामी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 10:30 बजे कोतवाली डालनवाला को सूचना मिली कि तिब्बती मार्केट के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को उपचार के लिए दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।
घटना की सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का पारिवारिक व्यवसाय को लेकर विवाद चल रहा था। यह भी जानकारी मिली है कि उक्त विवाद के चलते मृतक की माता ने उच्च न्यायालय से अपने बेटे से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा प्राप्त की थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि स्कूटी सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। साथ ही पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस द्वारा घटना के खुलासे के लिए सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है।


