हल्द्वानी RTO में डीएम का छापा, दलालों में भगदड़, व्यवस्थाओं पर जताई सख्त नाराजगी

Spread the love

हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बुधवार को आरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम के अचानक पहुंचने से कार्यालय में हड़कंप मच गया और कार्यालय परिसर में घूम रहे दलाल मौके से फरार हो गए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कार्यालय में अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक नहीं है, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय में ड्यूटी के दौरान नेम प्लेट और पहचान पत्र अनिवार्य रूप से धारण करें, ताकि आम जनता को अधिकारियों और कर्मचारियों की पहचान में कोई परेशानी न हो।

जिलाधिकारी को निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में शिकायत पेटिका भी नहीं मिली, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तुरंत शिकायत पेटिका स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की सात दिन की रिकॉर्डिंग की जांच करने के निर्देश भी दिए।

डीएम ने निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर में स्पष्ट रूप से फ्लेक्सी लगाई जाए, जिसमें यह उल्लेख हो कि परिवहन विभाग द्वारा कोई अधिकृत एजेंट नियुक्त नहीं किया गया है, ताकि आम जनता दलालों के झांसे में न आए। उन्होंने परिवहन अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालय में पारदर्शिता और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *