
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में आम नागरिकों की सेवा सुरक्षा और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के आदेशानुसार थाना बनभूलपुरा क्षेत्र में कॉमन सर्विस सेंटरों (CSC) पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी प्रकाश चंद्र के पर्यवेक्षण में, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी नितिन लोहनी एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के नेतृत्व में तथा थानाध्यक्ष बनभूलपुरा सुशील कुमार के निर्देशन में चलाया गया। अभियान के तहत कुल पांच टीमों ने बनभूलपुरा के विभिन्न क्षेत्रों में 19 CSC सेंटरों की जांच की।

जांच के दौरान कई सेंटरों में गंभीर अनियमितताएँ पाई गईं, जिसके चलते 08 सेवा केंद्रों को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया। इन सेंटरों में रजिस्टर का रख-रखाव नहीं होना, दरों की सूची (रेट लिस्ट) का अभाव, सीसीटीवी कैमरों की अनुपस्थिति और संचालकों की शैक्षिक योग्यता संबंधी प्रमाणों की कमी जैसी खामियाँ प्रमुख रूप से सामने आईं। बंद किए गए सेंटरों में सब्बू CSC सेंटर, सोल्यूशन पॉइंट, साइबर प्लेनेट, ग्राहक सेवा केंद्र, नसीम CSC सेंटर, डिजिटल स्टेशन CSC सेंटर, अंसारी डिजिटल सेवा केंद्र और देवभूमि जन सेवा केंद्र शामिल हैं। सभी सेंटर बनभूलपुरा क्षेत्र में स्थित हैं।
इस अभियान के माध्यम से पुलिस विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि सेवा केंद्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता और नियमों की अवहेलना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और आगे भी इस प्रकार की जांचें निरंतर चलती रहेंगी। पुलिस प्रशासन नागरिकों से अपील करता है कि वे सेवा केंद्रों में पारदर्शिता बनाए रखें, किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सुरक्षित व नियमबद्ध सेवाओं को प्रोत्साहित करें।


