हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध संघ की आगामी बोर्ड बैठक इस बार जेल में आयोजित की जाएगी। यह अनोखी स्थिति इसलिए उत्पन्न हुई है क्योंकि दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा जेल में बंद हैं। बोर्ड बैठक आयोजित करने के लिए दुग्ध संघ अध्यक्ष ने कोर्ट से विशेष अनुमति मांगी थी। पुलिस की रिपोर्ट और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पॉक्सो कोर्ट ने 5 फरवरी को हल्द्वानी उप कारागार में सशर्त बैठक आयोजित करने के आदेश दिए हैं।
यह पहली बार होगा जब किसी बोर्ड बैठक को जेल के अंदर भारी पुलिस सुरक्षा के बीच आयोजित किया जाएगा। नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा पर दुग्ध संघ में काम करने वाली एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगे हैं। इन पर पॉक्सो एक्ट और भारतीय दंड संहिता की धारा 376 जैसी संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मुकेश बोरा पर आरोप लगने के बाद एक महीने तक फरार रहने के बाद, उन्हें 25 सितंबर 2024 को रामपुर, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था। तब से वह जेल में बंद हैं।
