बुजुर्ग महिला से मंगलसूत्र स्नेचिंग की वारदात, ब्लिंकिट डिलीवरी एजेंट गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून: दिनांक 25 जनवरी 2026 को थाना रायपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से मंगलसूत्र स्नेचिंग की घटना का देहरादून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वादी गणेश दत्त बहुगुणा निवासी नथुवावाला ढांग रायपुर द्वारा थाना रायपुर पर लिखित तहरीर दी गई कि उनकी माता श्रीमती कुन्ती देवी पत्नी स्व. लक्ष्मी प्रसाद बहुगुणा प्रातःकाल पैदल अपने रिश्तेदारों के यहां खैरी खादर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार एक अज्ञात व्यक्ति ने शिव मंदिर ढांग से नीचे जाने वाले रास्ते पर उनका पीछा करते हुए अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गया। तहरीर के आधार पर थाना रायपुर पर अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।

बुजुर्ग महिला के साथ हुई इस गंभीर घटना को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल व आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा मैनुअल पुलिसिंग के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने घटना के 24 घंटे के भीतर अभियुक्त सचिन को बद्रीश कॉलोनी के पास जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से घटना में छीना गया मंगलसूत्र भी बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख पचास हजार रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह रिंग रोड स्थित ब्लिंकिट एजेंसी में कार्य करता है और अपने महंगे शौकों को पूरा करने के लिए उस पर कर्ज हो गया था। कर्ज उतारने और जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने स्नेचिंग की योजना बनाई और डिलीवरी के दौरान अकेली आने-जाने वाली महिलाओं की रेकी करने लगा। दिनांक 25 जनवरी की सुबह काम पर जाते समय उसे नथुवावाला ढांग क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला अकेली जाती दिखाई दी, जिस पर उसने मौका देखकर मंगलसूत्र छीन लिया। अभियुक्त मंगलसूत्र को बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सचिन पुत्र सर्वेश कुमार निवासी ग्राम रसूलपुरकला, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), हाल पता जोगीवाला, रिंग रोड, देहरादून, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है।

इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुनील नेगी चौकी प्रभारी बालावाला, हेड कांस्टेबल दीप प्रकाश, कांस्टेबल प्रेम पंवार, कांस्टेबल मुकेश कनाडाई और कांस्टेबल किशन पाल शामिल रहे। पुलिस की इस तत्परता से क्षेत्र में राहत और सुरक्षा का संदेश गया है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *