मानसून से पहले हल्द्वानी में सफाई का बिगुल: जलभराव रोकने को नगर निगम का बड़ा अभियान शुरू

Spread the love

हल्द्वानी में मानसून से पहले शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने व्यापक स्वच्छता अभियान की शुरुआत कर दी है। इस अभियान का शुभारंभ कालाढूंगी चौराहे से नगर निगम के मेयर गजराज बिष्ट के नेतृत्व में किया गया।

इस दौरान नगर निगम के सफाई कर्मचारी, वार्ड मेंबर और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। अभियान के तहत शहर की नालियों, नालों और गंदगी वाले स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

मेयर गजराज बिष्ट ने कहा कि शहर को साफ-सुथरा रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि इस बार बारिश से पहले ही नालियों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है, जिससे पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सकेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों को मानसून तक पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे इस बार लोगों को पिछले साल की तुलना में अधिक राहत मिलने की उम्मीद है।

मेयर ने आम जनता से भी अपील की कि वे इस स्वच्छता अभियान में नगर निगम का सहयोग करें और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, ताकि हल्द्वानी को एक स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाया जा सके।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *