ऑपरेशन प्रहार में बड़ा एक्शन: 30 ढोंगी बाबा गिरफ्तार, आस्था के नाम पर ठगी का खेल बेनकाब

Spread the love

हरिद्वार। देवभूमि में धर्म की आड़ लेकर लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ और ठगी करने वाले ढोंगी बाबाओं के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 फर्जी साधु-संतों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी साधु का भेष धारण कर विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को उनकी व्यक्तिगत व घरेलू समस्याओं का समाधान बताने का झांसा देकर ठगी करते थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस उपाधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस टीम ने अभियान चलाकर थाना क्षेत्र में घूम रहे ऐसे संदिग्धों को चिन्हित किया। जांच के दौरान पाया गया कि ये लोग धार्मिक आस्था का सहारा लेकर लोगों को भ्रमित कर रहे थे और उनसे पैसे ऐंठ रहे थे।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी 30 आरोपियों को धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल और नेपाल सहित कई राज्यों के लोग शामिल हैं, जो हरिद्वार में साधु-संत का भेष बनाकर सक्रिय थे।

पुलिस का कहना है कि इस तरह के ढोंगी बाबा आम जनता की आस्था का दुरुपयोग कर समाज में भ्रम फैलाते हैं और आर्थिक ठगी को अंजाम देते हैं। ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *