पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो शातिर बदमाश अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार

Spread the love

रामनगर: जनपद में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं सीओ रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को अवैध शस्त्रों के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार चेकिंग अभियान के दौरान मालधनचौड़ क्षेत्र से 22 वर्षीय प्रेम बिष्ट पुत्र कमल सिंह बिष्ट निवासी चोरपानी रामनगर को गिरफ्तार किया गया, जबकि पीरूमदारा क्षेत्र से 23 वर्षीय कमल सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी ग्राम सरकथल थाना टांडा बादली जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान दोनों अभियुक्तों के कब्जे से एक-एक अवैध 315 बोर का तमंचा बरामद किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त कमल सिंह एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

अवैध शस्त्र बरामद होने के आधार पर कोतवाली रामनगर में प्रेम बिष्ट के खिलाफ मुकदमा संख्या 72/26 तथा कमल सिंह के खिलाफ मुकदमा संख्या 73/26 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक बीरेंद्र बिष्ट, कांस्टेबल कविंद्र कुमार, कांस्टेबल प्रयाग राम, कांस्टेबल विक्रम सिंह और कांस्टेबल संदीप कुमार की टीम शामिल रही।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *