होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 16 नमूने जांच को भेजे

Spread the love

आगामी होली पर्व को देखते हुए सचिव स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर उत्तराखंड में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सघन अभियान शुरू कर दिया है। 27 फरवरी 2026 को कुमाऊं मंडल में विशेष अभियान चलाकर खाद्य प्रतिष्ठानों की औचक जांच की गई।

उधम सिंह नगर जनपद के जसपुर, मुख्य बाजार, रायपुर और धर्मपुर क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान मावा निर्माताओं से तीन नमूने, डेयरी से तीन दूध के नमूने तथा मिठाई निर्माता से एक बर्फी का नमूना लिया गया। इसके अतिरिक्त रुद्रपुर क्षेत्र में भी छापेमारी कर मावा, दूध, पनीर, काबुली चना, चना दाल, राजमा, अरहर दाल और मूंग दाल समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए।

वहीं काशीपुर की टीम ने भी अभियान के तहत प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कुल मिलाकर प्रवर्तन टीम द्वारा 16 नमूने एकत्र कर राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Screenshot

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई बनाए रखने, लाइसेंस एवं पंजीकरण प्रदर्शित करने तथा खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन से अपील की गई कि खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण व उपयोग की तिथि अवश्य जांचें। संदिग्ध खाद्य पदार्थों की शिकायत टोल फ्री नंबर 18001804246 पर दर्ज कराई जा सकती है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के मद्देनजर मिलावटखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभियान लगातार जारी रहेगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *