नैनीताल में गैस एजेंसियों पर भीड़ रोकने के लिए प्रशासन का बड़ा फैसला

Spread the love

नैनीताल। जनपद में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के चलते घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

जिला मजिस्ट्रेट के निर्देशानुसार जारी आदेश में कहा गया है कि ऑनलाइन बुकिंग, डीएसपी और ओटीपी से जुड़ी प्रक्रियाओं के दौरान अत्यधिक फोन कॉल आने से तकनीकी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। इसके कारण उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ लगानी पड़ रही है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है और समय पर सिलेंडर आपूर्ति में भी परेशानी आ रही है।

इन परिस्थितियों को देखते हुए जनपद की सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण फिलहाल एजेंसी परिसर से सीधे न करें। इसके बजाय उपभोक्ताओं को डोर-टू-डोर वितरण प्रणाली के माध्यम से ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को घर पर ही सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से गैस मिल सके।

साथ ही जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस या मोबाइल ऐप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे केवल बुकिंग कराने के लिए गैस एजेंसी जा सकते हैं। एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि बुकिंग के बाद नियमानुसार घर-घर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश जिला मजिस्ट्रेट की स्वीकृति से जारी किया गया है और तत्काल प्रभाव से लागू होगा। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों में भीड़ न लगाएं और डोर-टू-डोर वितरण व्यवस्था का लाभ उठाएं, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *