हल्द्वानी में नगर निगम का बड़ा एक्शन! शनि बाजार रोड से बनभूलपुरा तक गरजी जेसीबी, अवैध निर्माण और जर्जर भवन ध्वस्त

हल्द्वानी। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को शनि बाजार रोड और बनभूलपुरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में पहुंची निगम की टीम ने शनि बाजार रोड के मोड़ पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा ताज मस्जिद के पास रास्ते में किए गए अतिक्रमण को हटाया गया, जबकि वार्ड संख्या 23 नई बस्ती स्थित जर्जर सामुदायिक भवन को भी गिराने की कार्रवाई की गई।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि शनि बाजार रोड के मोड़ पर नए अतिक्रमण की शिकायत प्राप्त हुई थी। इस पर एक दिन पहले ही प्राधिकरण और नगर निगम की संयुक्त टीम ने संबंधित व्यक्ति को निर्माण कार्य रोकने की हिदायत दी थी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण जारी रखा गया। इतना ही नहीं, अवैध निर्माण के चलते वहां लगे बिजली के ट्रांसफार्मर को भी चारों ओर से घेर दिया गया था। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

वहीं, बनभूलपुरा स्थित ताज मस्जिद के पास कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक रास्ते में अवरोध पैदा किया गया था। निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाकर रास्ते को आवागमन के लिए सुचारु कराया।

हल्द्वानी में नगर निगम का बड़ा एक्शन! शनि बाजार रोड से बनभूलपुरा तक गरजी जेसीबी, अवैध निर्माण और जर्जर भवन ध्वस्त

इसके साथ ही वार्ड संख्या 23 नई बस्ती में नगर निगम के पुराने सामुदायिक भवन को भी ध्वस्त किया जा रहा है। नगर आयुक्त के अनुसार, लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि जर्जर भवन का इस्तेमाल नशे के लिए किया जा रहा है। भवन की हालत बेहद खराब और खतरनाक होने के कारण किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए उसे गिराने का निर्णय लिया गया।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां भी अवैध निर्माण या सार्वजनिक रास्तों पर कब्जे की शिकायत मिलेगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सामुदायिक भवन ध्वस्त होने के बाद निगम की भूमि पूरी तरह खाली हो जाएगी। इसके बाद इस स्थान के बेहतर उपयोग और विकास के लिए विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।

हल्द्वानी में नगर निगम का बड़ा एक्शन! शनि बाजार रोड से बनभूलपुरा तक गरजी जेसीबी, अवैध निर्माण और जर्जर भवन ध्वस्त