हल्द्वानी। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के संबंध में राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ, उत्तराखंड ने कड़ी आपत्ति जताई है। हल्द्वानी में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक एवं सेवानिवृत्त कर्नल जगत सिंह जंतवाल ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन संवाद में मर्यादा, तथ्यों और जिम्मेदारी का ध्यान रखना आवश्यक है।
सेवानिवृत्त कर्नल जगत सिंह जंतवाल ने कहा कि अजीत डोभाल का राष्ट्रसेवा और सुरक्षा के क्षेत्र में दशकों लंबा अनुभव सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसलों पर सवाल उठाना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन राष्ट्रसेवा में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर स्वस्थ, तथ्यपरक और जिम्मेदार बहस होनी चाहिए। ऐसे मामलों में भारतीय सेना के शौर्य, सैनिकों के बलिदान और देश की सुरक्षा के हित सर्वोपरि रहने चाहिए।
प्रेसवार्ता के दौरान सेवानिवृत्त कैप्टन सोबन सिंह, सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर अर्जुन सिंह भंडारी और सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर अमत सिंह भदौरिया ने भी राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर राजनीतिक दलों से जिम्मेदार एवं गरिमापूर्ण संवाद बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व और उत्तराखंड कांग्रेस से अजीत डोभाल के संबंध में की गई टिप्पणी पर अपना स्पष्ट आधिकारिक पक्ष रखने का आग्रह किया।
भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ ने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर संवाद करते समय लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन तथा राष्ट्रसेवा में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान बनाए रखना जरूरी है।
प्रेसवार्ता में भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी, भाजपा नैनीताल के जिला सह मीडिया प्रभारी मनीष पाल और भाजयुमो नेता विष्णु सक्सेना भी उपस्थित रहे।
