भारी वर्षा के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट, एसडीएम हल्द्वानी व तहसीलदार ने किया संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण

हल्द्वानी। लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था एवं संभावित आपदा की स्थिति के मद्देनजर उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका एवं तहसीलदार कुलदीप पांडे ने मंगलवार को तहसील हल्द्वानी क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने गौला पुल, फतेहपुर, दमुवाढूंगा, राजपुरा और कुसुमखेड़ा समेत नगर के विभिन्न जलभराव संभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान गौला नदी के जलस्तर का भी जायजा लिया गया तथा नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की हिदायत दी गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आपदा की दृष्टि से संवेदनशील स्थलों पर पहुंचकर संबंधित विभागों को यातायात एवं आवागमन सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही जल निकासी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से नदी-नालों के किनारे न जाएं और बच्चों को भी नदी-नालों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों से दूर रखें। लोगों को बारिश के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

उप जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना देने की अपील की है।