हल्द्वानी: नैनीताल जनपद के विश्व प्रसिद्ध नीब करौरी बाबा कैंची धाम आश्रम में 15 जून को आयोजित होने वाले वार्षिक मेले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष भी लाखों श्रद्धालुओं के कैंची धाम पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात, पार्किंग और परिवहन व्यवस्था को विशेष रूप से सुदृढ़ किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 14 और 15 जून को हल्द्वानी, काठगोदाम, भीमताल, भवाली, नैनीताल और खैरना से विशेष शटल सेवाओं का संचालन किया जाएगा।
आरटीओ प्रवर्तन हल्द्वानी अरविंद पांडे ने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए व्यापक परिवहन व्यवस्था की गई है। भवाली से कैंची धाम तक केवल शटल टैक्सी सेवा संचालित होगी और आम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। भवाली से कैंची धाम तक एक तरफ का किराया ₹50 निर्धारित किया गया है।
मेले के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की 60 रोडवेज बसों का संचालन हल्द्वानी, काठगोदाम रेलवे स्टेशन और रोडवेज स्टेशन से किया जाएगा, जिनका एक तरफ का किराया ₹150 निर्धारित किया गया है। इसके अलावा कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड (केएमओयू) की 150 बसें भी विभिन्न मार्गों से कैंची धाम के लिए संचालित की जाएंगी। ग्राफिक एरा संस्थान की 30 बसें भी भीमताल से कैंची धाम तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलाई जाएंगी।
इसके अतिरिक्त भवाली से कैंची धाम के लिए 150 टैक्सी-मैक्सी और भीमताल से 100 टैक्सी-मैक्सी वाहनों की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने सभी बस और टैक्सी संचालकों को वाहनों पर निर्धारित रूट और किराया सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। अधिक किराया वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि हर वर्ष बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इस बार विशेष यातायात योजना लागू की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। देश-विदेश से आने वाले भक्तों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
आरटीओ एनफोर्समेंट
