हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र से एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण का मामला सामने आने के बाद पुलिस और परिजनों में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्ची की तलाश तेज कर दी है और आमजन से भी सहयोग की अपील की है।
पुलिस के अनुसार 6 जून 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे कनखल क्षेत्र के ठोकर नंबर-10 बैरागी कैंप से तीन वर्षीय कुमारी राधिका, पुत्री विनोद सोलंकी का अज्ञात महिला और एक पुरुष द्वारा कथित रूप से अपहरण कर लिया गया। सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्ध बच्ची को गोद में लेकर एक टेंपो की ओर जाते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना कनखल में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 196/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस ने आम जनता और मीडिया से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को बच्ची या सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध महिला एवं पुरुष के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या कनखल पुलिस से संपर्क करें, ताकि मासूम बच्ची को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जा सके।
