मौसम के बदलते मिजाज से बच्चों पर खतरा, टाइफाइड-डायरिया के मामले बढ़े

Spread the love

हल्द्वानी: हल्द्वानी में बदलते मौसम का असर अब बच्चों की सेहत पर साफ नजर आने लगा है। कभी तेज गर्मी तो कभी बारिश और ठंडक के कारण मौसमी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। सुशीला तिवारी अस्पताल की बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रितु रखोलिया के अनुसार इन दिनों बच्चों में टाइफाइड, डायरिया और हेपेटाइटिस जैसे रोगों के मामले बढ़ते जा रहे हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में उतार-चढ़ाव और बाहर मिलने वाले अस्वच्छ खाद्य पदार्थ इन बीमारियों की मुख्य वजह बन रहे हैं। डॉक्टरों ने अभिभावकों को सलाह दी है कि बच्चे घर से निकलते समय अपना पानी साथ रखें और बाहर मिलने वाले कोल्ड ड्रिंक, गन्ने का रस व खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें।

दिन के समय बढ़ती गर्मी को देखते हुए बच्चों को सुबह जल्दी या शाम को सूर्यास्त के बाद ही खेलने के लिए भेजने की सलाह दी गई है। साथ ही यदि किसी बच्चे में बुखार, उल्टी, दस्त, कमजोरी या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों के खान-पान, साफ-सफाई और दिनचर्या का विशेष ध्यान रखें, ताकि मौसमी बीमारियों से बचाव किया जा सके।

डॉ ऋतु रखौलिया
सुशीला तिवारी हॉस्पिटल हल्द्वानी

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *