हल्द्वानी। नैनीताल रोड स्थित जौलीग्राम गांव में बुधवार को बाघ के हमले से हड़कंप मच गया। करीब 40 वर्षीय महिला को बाघ ने हमला कर मार डाला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार महिला दोपहर करीब 3 बजे गोवंश के लिए चारा लेने जंगल गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने उस पर हमला कर दिया और उसे अपना शिकार बना लिया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पूरे गांव में दहशत फैल गई।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बाघ की मौजूदगी की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इतना ही नहीं, अधिकारियों से संपर्क करने पर भी उन्हें संवेदनहीन जवाब मिला, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जब तक बाघ को पकड़ा नहीं जाता, तब तक गांव में चारे की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए और बच्चों की स्कूल आवाजाही की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
वहीं वन विभाग के अधिकारियों ने जल्द बाघ को पकड़ने का आश्वासन दिया है। विभाग की टीम इलाके में सर्च अभियान चलाकर बाघ की तलाश में जुट गई है।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। प्रशासन और वन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
