
हल्द्वानी। गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में प्रस्तावित बहुचर्चित ईवीसीएल (एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग) के नाम पर की गई बड़ी धोखाधड़ी का नैनीताल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर काठगोदाम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित आयोजक विकास ढाका को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा किए गए लेनदेन से जुड़े दो बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में हरियाणा निवासी हेमंत शर्मा और पूर्व विधायक नारायण पाल ने थाना काठगोदाम में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि विकास ढाका ने अंतरराष्ट्रीय और रणजी स्तर के प्रसिद्ध खिलाड़ियों को लीग में शामिल कराने का झांसा देकर दोनों से टीम फ्रेंचाइज़ी के नाम पर लाखों रुपये वसूल लिए।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने हेमंत शर्मा को “यूपी वॉरियर्स” टीम की फ्रेंचाइज़ी 50 लाख रुपये बताकर डिस्काउंट के नाम पर 30 लाख रुपये में सौदा तय किया और उनसे नगद व अन्य माध्यमों से कुल 23 लाख रुपये ले लिए। वहीं पूर्व विधायक नारायण पाल को “उत्तराखंड सोल्जर्स” टीम की फ्रेंचाइज़ी 50 लाख रुपये बताकर 10 लाख रुपये की छूट का लालच दिया गया, जिसके बदले उन्होंने 3 लाख रुपये नगद और 6 लाख रुपये प्रचार-प्रसार पर खर्च कर कुल 9 लाख रुपये का भुगतान किया।
बताया गया कि टूर्नामेंट की शुरुआत 1 फरवरी 2026 से होनी थी, लेकिन निर्धारित तिथि बीत जाने के बाद भी न तो प्रतियोगिता शुरू हुई और न ही आयोजन से जुड़ी कोई ठोस तैयारी सामने आई। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से संपर्क करने पर यह भी स्पष्ट हुआ कि उन्हें इस लीग के आयोजन की कोई जानकारी नहीं थी। न ही टीमों की ड्रेस, आधिकारिक लोगो और प्रचार सामग्री तैयार की गई थी, जिससे पूरा मामला सुनियोजित धोखाधड़ी का प्रतीत हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 6 फरवरी को मल्ला काठगोदाम से अभियुक्त विकास ढाका को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से ही क्रिकेट लीग के नाम पर बड़ी रकम हड़पने की नीयत से कार्य कर रहा था। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित पीड़ितों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी बड़े आयोजन या निवेश से पहले उसकी प्रामाणिकता की पूरी जांच अवश्य करें।


