नवनियुक्त एसडीएम ने संभाला कार्यभार, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर रहेगा फोकस

Spread the love

हल्द्वानी। शहर के नवनियुक्त उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बुधवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने आमजन से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

प्रेस से बातचीत में एसडीएम ने कहा कि प्रमाण पत्रों से संबंधित कार्य और न्यायालय से जुड़े मामलों की बड़ी संख्या लंबित है, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना और न्यायालय से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि आम जनता को त्वरित राहत और न्याय मिल सके।

उन्होंने बताया कि शहर में सरकार द्वारा संचालित विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे हों। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम ने पूर्व में सामने आए फर्जी प्रमाण पत्रों के मामलों को गंभीर बताते हुए कहा कि इस संबंध में चल रही जांच जारी रहेगी। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रशासन पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करेगा तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम किया जाएगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *