
हल्द्वानी। जिले के चोरगलियां कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गजेपुर गांव में देर रात एक खनन कारोबारी द्वारा कथित तौर पर खुद को गोली मारने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में परिजन उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी ने बताया कि मृतक की पहचान कमलेश बेलवाल के रूप में हुई है, जो खनन व्यवसाय से जुड़े थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी।
प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। घटना के बाद से परिवार में शोक की लहर है और क्षेत्र में भी सनसनी का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।


