हल्द्वानी में बड़ा हादसा: बच्चों से भरी स्कूल बस खाई में पलटी, दर्जनभर से ज्यादा घायल

Spread the love

हल्द्वानी: हल्द्वानी के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बरेली रोड स्थित जयपुर बीसा गांव में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक निजी स्कूल बस दूसरी बस को साइड देने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। बस के पलटते ही बच्चों और राहगीरों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर शीशे तोड़कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए जिन्हें तुरंत हल्द्वानी के मुखानी स्थित साई हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बस चालक और परिचालक को भी गंभीर चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पदमपुर देवलिया क्षेत्र में दो स्कूल बसें आपस में साइड ले रही थीं, तभी एक बस अधिक किनारे जाने के कारण सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 36 बच्चे सवार थे। घायल बच्चों और परिचालक को तुरंत स्थानीय वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावक गहरी चिंता में स्कूल और अस्पताल पहुंचे और अपने बच्चों की कुशलक्षेम जानने में जुट गए।

तहसीलदार मनीषा बिष्ट ने बताया कि सभी घायलों का इलाज चल रहा है और यदि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्कूल बस पलटने की इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *