बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिलाधिकारी की अपील, छात्रों और अभिभावकों से बनाए रखने को कहा सकारात्मक माहौल

Spread the love

नैनीताल/हल्द्वानी। आगामी बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले के समस्त परीक्षार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए छात्रों और उनके अभिभावकों से संयम, धैर्य और सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि परीक्षा जीवन की यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव अवश्य है, लेकिन इसे भय, तनाव या असहनीय दबाव का कारण नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं ज्ञान और अभ्यास की परख होती हैं, न कि किसी छात्र के व्यक्तित्व, प्रतिभा या भविष्य का अंतिम निर्णय।

उन्होंने परीक्षार्थियों से आग्रह किया कि वे अपनी दिनचर्या को सरल, संतुलित और नियमित बनाए रखें। पर्याप्त विश्राम, समयबद्ध अध्ययन और स्वस्थ मानसिक स्थिति के साथ परीक्षा देने से ही वास्तविक क्षमता का बेहतर प्रदर्शन संभव होता है। जिलाधिकारी ने कहा कि अत्यधिक अंक प्राप्त करने की चिंता कई बार सहज ज्ञान को प्रभावित कर देती है, जबकि शांत और स्वाभाविक मन से किया गया प्रयास अधिक प्रभावी साबित होता है।

जिलाधिकारी ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक अपेक्षाओं का दबाव न डालें। उन्होंने कहा कि इस समय बच्चों को भय या दबाव नहीं, बल्कि विश्वास, सहयोग और स्नेह की आवश्यकता होती है। प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता अलग होती है और सफलता के रास्ते भी अनेक होते हैं, इस सोच को बढ़ावा देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि अंक जीवन का एक पड़ाव तय कर सकते हैं, लेकिन जीवन की दिशा नहीं। संयम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही दीर्घकालीन सफलता की मजबूत आधारशिला होती है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *