
हल्द्वानी: हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद चलाया जा रहा विशेष कैंप अब समाप्त हो गया है। यह कैंप राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की निगरानी में 20 मार्च से 1 अप्रैल तक संचालित किया गया।

कैंप बनभूलपुरा के कुल 6 अलग-अलग स्थानों पर लगाए गए थे, जहां प्रभावित लोगों से प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत आवेदन लिए गए। इस दौरान कुल 8000 फॉर्म वितरित किए गए, जिनमें से 6900 लोगों ने अपने आवेदन जमा कर दिए।
कैंप में नगर निगम, प्रशासन, राजस्व विभाग समेत कई विभागों की संयुक्त टीमें तैनात रहीं, जिन्होंने लोगों को आवेदन प्रक्रिया में सहायता प्रदान की।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप मणि त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन लोगों ने अभी तक अपने फॉर्म जमा नहीं किए हैं, वे 2 और 4 अप्रैल को नगर निगम कार्यालय में जाकर अपने आवेदन जमा कर सकते हैं।
प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि शेष पात्र लोग भी निर्धारित तिथियों में आवेदन कर योजना का लाभ उठाएंगे।


