बनभूलपुरा अतिक्रमण प्रकरण: 31 मार्च तक सर्वे व पुनर्वास कार्य पूरा करने का लक्ष्य

Spread the love

हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण प्रकरण में माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन के तहत चल रहे सर्वे एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा के लिए मंगलवार देर सायं नगर निगम सभागार में अपर जिलाधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे और पुनर्वास से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए 6 टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें कैंपों के माध्यम से अधिक से अधिक प्रभावित परिवारों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों से आवेदन आमंत्रित करने तथा आवेदन प्रक्रिया में आ रही कठिनाइयों को दूर करने के लिए टीमों को घर-घर जाकर सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। प्रशासन, रेलवे एवं अन्य विभागों की संयुक्त टीम द्वारा पात्र व्यक्तियों तक योजना का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता बताया गया।

अपर जिलाधिकारी ने 31 मार्च 2026 तक समस्त कार्य पूर्ण कर उच्चतम न्यायालय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने का लक्ष्य निर्धारित किया। 20 मार्च से 31 मार्च तक आयोजित होने वाले कैंपों की प्रगति रिपोर्ट तैयार करना सभी संबंधित टीमों की जिम्मेदारी होगी।

बैठक में जानकारी दी गई कि प्रत्येक कैंप में रेलवे की आरपीएफ तैनात रहेगी। वहीं, एसपी सिटी मनोज कत्याल ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए महिला पुलिसकर्मियों सहित अतिरिक्त फोर्स तैनात करने की बात कही।

जिला प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के आवेदन पत्रों का घर-घर वितरण शुरू कर दिया गया है, साथ ही कैंपों में भी पर्याप्त संख्या में फॉर्म उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अपर जिलाधिकारी ने स्थानीय पार्षदों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्रता की गहन जांच समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सख्त शब्दों में कहा कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी टीमों को सकारात्मक ऊर्जा के साथ कार्य करने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संपर्क करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एसपी सिटी मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *