
देहरादून: जनपद देहरादून में कार्यभार ग्रहण करने के बाद 14 फरवरी 2026 को आयोजित पहली बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कड़े तेवर में नजर आए। एसएसपी ने जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं शाखा प्रभारियों के साथ गोष्ठी कर स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी ड्यूटी के दौरान शत-प्रतिशत प्रयास करते हुए पूर्ण कार्यक्षमता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने पूरे जनपद में दिन-रात प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करने, भीड़-भाड़ वाले स्थानों और मुख्य मार्गों पर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने तथा शहर से लेकर देहात तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने सर्किल में संयुक्त पुलिस टीमों का गठन कर बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए नियमित और व्यापक अभियान चलाने को कहा गया तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने और आमजन के साथ मर्यादित एवं संयमित व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि आमजन से दुर्व्यवहार या कर्तव्यों के प्रति उदासीनता बरतने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जनपद की यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई, जिसमें एसएसपी ने थाना पुलिस और यातायात पुलिस को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त रूप से ठोस कदम उठाकर यातायात व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए।



