देहरादून। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मामले में दून पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने महज 24 घंटे के भीतर चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 अप्रैल 2026 को दिपांशु अरोड़ा निवासी शामली (उत्तर प्रदेश) ने कोतवाली पटेलनगर में तहरीर दी कि चार युवकों—मानव गुप्ता, आयुष, हिमांशु और ओम—ने उसके भाई हिमांशु अरोड़ा के साथ मारपीट करते हुए धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा संख्या 253/2026 धारा 109(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर 21 अप्रैल 2026 को पटेलनगर के काला ग्राउंड क्षेत्र से चारों आरोपियों—मानव गुप्ता (20 वर्ष), ओम सिंह (19 वर्ष), आयुष पंवार (21 वर्ष) और हिमांशु सिंह (22 वर्ष)—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी पटेलनगर क्षेत्र में ही रह रहे थे और घटना के बाद फरार होने की फिराक में थे। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर उन्हें दबोच लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह गुसाईं, उपनिरीक्षक प्रवीण पुंडीर, उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, हेड कांस्टेबल सुशील कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
