
नैनीताल/मुक्तेश्वर। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मुक्तेश्वर क्षेत्र के दौरे के दौरान तेजी से बन रही बहुमंजिला इमारतों और रिसॉर्ट्स को लेकर गंभीर चिंता जताई है। निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि कुछ लोग समूह बनाकर बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य कर रहे हैं और साथ ही होमस्टे योजना का लाभ भी ले रहे हैं।

आयुक्त ने प्रथम दृष्टया इन निर्माणों को भू-कानून का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि मुक्तेश्वर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस प्रकार की बड़ी इमारतों का निर्माण और योजनाओं का दुरुपयोग गंभीर मामला है, जिससे भू-कानून की मूल भावना प्रभावित हो रही है। उन्होंने आशंका जताई कि क्षेत्र में भू-कानून का व्यापक स्तर पर दुरुपयोग हो सकता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने नैनीताल के जिलाधिकारी और जिला विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में बन रही सभी बहुमंजिला इमारतों और रिसॉर्ट्स की विस्तृत जांच की जाए। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन या अनियोजित निर्माण की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में ऐसे निर्माण कार्यों पर कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि भू-कानून के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।


