
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशानुसार जनपद में अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर अंतर्राज्यीय चोर को चोरी की मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 10 मार्च 2026 को प्रकाश कविदयाल निवासी हीरानगर ने अपने घर के सामने खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल (UK 04 K 6143) चोरी होने की रिपोर्ट थाना हल्द्वानी में दर्ज कराई थी, जिस पर एफआईआर संख्या 79/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। इसके अगले ही दिन 11 मार्च 2026 को सुमित मार निवासी राजपुरा ने अपनी दुकान से चार मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर एफआईआर संख्या 82/26 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल द्वारा सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और सुरागरसी के आधार पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त कवि बिष्ट को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त की पहचान कवि बिष्ट पुत्र कुन्दन सिंह (33 वर्ष) निवासी गोलू माजरा डेरावसी, थाना डेरावसी, मोहाली (चंडीगढ़) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन (तीन वीवो और एक सैमसंग) उनके कवर और हेडफोन सहित बरामद किए। इसके अलावा उसके पास से एक देशी पिस्टल 32 बोर और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।
गिरफ्तारी के दौरान अवैध हथियार मिलने पर अभियुक्त के खिलाफ थाना हल्द्वानी में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक अन्य मुकदमा एफआईआर संख्या 83/26 भी दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त एक पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ उत्तराखंड के साथ-साथ चंडीगढ़ और हरियाणा के पंचकुला समेत विभिन्न स्थानों पर चोरी, लूट और झपटमारी के 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे।


